कोरबा। ट्रांसपोर्टनगर में स्थायी पार्किंग और वाहन स्टैंड की सुविधा नहीं होने से यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। मालवाहक और टैक्सी वाहनों के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अघोषित पार्किंग की स्थिति बन गई है। टीपी नगर क्षेत्र में सुबह से देर शाम तक सड़क किनारे कतार में खड़े भारी वाहनों के कारण कई जगह सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे जाम की स्थिति बनने के साथ राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क पर खड़े वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
Read more :- स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में मांस-मटन की बिक्री रहेगी पूरी तरह बंद
मालवाहकों के साथ टैक्सी वाहनों के लिए भी व्यवस्थित स्टैंड का अभाव है। ट्रांसपोर्टनगर चौक के आसपास व्यावसायिक क्षेत्रों की पार्किंग में टैक्सी वाहन लंबे समय तक खड़े रहते हैं। इससे ग्राहकों को अपने वाहन खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती और बाजार क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ जाता है। व्यापारियों का कहना है कि ट्रांसपोर्टनगर में रोजाना बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान चिन्हित नहीं किया गया है। प्रशासन को मालवाहकों और टैक्सियों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित कर स्थायी स्टैंड विकसित करना चाहिए।
व्यापारियों के अनुसार केवल सड़क से वाहन हटाने की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। जब तक वाहनों के लिए वैकल्पिक और व्यवस्थित पार्किंग उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने की समस्या बनी रहेगी। अब लोगों की नजर प्रशासन की ओर है कि टीपी नगर में स्थायी पार्किंग और स्टैंड की व्यवस्था कब तक विकसित की जाती है।
