चंडीगढ़। केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ ने अपनी लोकप्रिय क्रिकेट प्रतियोगिता टाई चंडीगढ़ क्रिकेट लीग (टीसीसीएल) के आठवें संस्करण की घोषणा की है। इस संबंध में गुरुवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उद्यमियों, कारोबारियों, कॉर्पोरेट पेशेवरों और क्रिकेट प्रेमियों की 16 टीमें हिस्सा लेंगी।
‘फ्रॉम बोर्डरूम्स टू बाउंड्रीज – सेलिब्रेटिंग द स्पिरिट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप सिंस 2016’ की थीम पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता 20, 21, 22 और 27, 28 व 29 नवंबर को मोहाली स्थित लॉन्चिंग पैड क्रिकेट अकादमी में खेली जाएगी। इसका प्रस्तुतकर्ता टेक प्रस्तिश है, जबकि कन्वर्जन पर्क आयोजन में सहयोग कर रहा है। इसके अलावा सॉफ्ट एलिवेशन, बोहर एस्टेट, लीगल एक्को और घुमन इंफ्रा डगआउट प्रायोजक हैं।
आखिरी दो वनडे के लिए ब्रेट रैंडेल हुए न्यूजीलैंड टीम में शामिल
प्रतियोगिता में इनोवेटिव इंसेंटिव्स, टेक प्रास्तिश, बीसॉल्वर टेक्नोलॉजी, टैलेंटेल्जिया, सॉफ्ट्रिक्स, सिग्निसेंट, सिग्निटी, कन्वर्जन पर्क, ऐपस्मार्ट्ज, यूनिफाई ग्रुप, अमेज कॉन्फ्रेंस, मास्टर ट्रस्ट, आईडीएस इन्फोटेक, 42 वर्क्स, वेबगुरुज टेक और सीएस सॉफ्ट सॉल्यूशंस की टीमें भाग लेंगी। टाई चंडीगढ़ के अध्यक्ष ब्रह्म अलरेजा ने कहा कि यह लीग केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उद्यमी समुदाय को एक मंच पर लाने और आपसी संबंध मजबूत करने का माध्यम है। इसके जरिए सदस्यों को कारोबारी गतिविधियों से अलग एक-दूसरे के साथ जुड़ने और टीम भावना प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
संयुक्त सचिव जसविंदर सिंह ने कहा कि सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह इस आयोजन की सफलता का आधार है। प्रतियोगिता उद्यमियों और पेशेवरों को आपसी विचार साझा करने तथा नए संपर्क स्थापित करने का अवसर प्रदान करती है। लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण टाई चंडीगढ़ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। इसके साथ ही क्रिकहीरोज प्लेटफॉर्म पर लाइव स्कोर, स्कोरकार्ड और मैच से जुड़ी अपडेट उपलब्ध रहेंगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपाध्यक्ष अद्वैत उपाध्याय, महासचिव सुमेध सचदेवा, कोषाध्यक्ष सुमित सिंह और संयुक्त सचिव जसविंदर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि वर्ष 2016 में शुरू हुई यह लीग टाई चंडीगढ़ के प्रमुख आयोजनों में शामिल हो चुकी है। इसका उद्देश्य खेल के माध्यम से उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों, कंपनियों के अधिकारियों और कारोबारी पेशेवरों के बीच आपसी सहयोग और संपर्क को बढ़ावा देना है।
