स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में मांस-मटन की बिक्री रहेगी पूरी तरह बंद

Follow Us

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। नगर निगम महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर पशुवध गृह समेत सभी मांस-मटन विक्रय केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। नगर निगम प्रशासन के मुताबिक, 15 अगस्त को निगम क्षेत्र में किसी भी स्थान पर मांस-मटन की बिक्री नहीं की जा सकेगी। प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी जोनों के स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में दुकानों और विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे।

इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों में भी आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि किसी होटल या अन्य स्थान पर मांस-मटन की बिक्री होते पाई गई, तो संबंधित सामग्री को तत्काल जब्त किया जाएगा। साथ ही संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सभी मांस-मटन विक्रेताओं और व्यवसायियों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी इस प्रतिबंधात्मक आदेश का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।