रायपुर । नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भाठागांव स्थित विनायक सिटी मार्ग पर आवास सहित दुकान निर्माण और फ्रंट एमओएस के हिस्से में बनाई गई तीन दुकानों को थ्रीडी मशीन की सहायता से तोड़ दिया। कार्रवाई के बाद निगम ने निर्माणकर्ता को तोडफ़ोड़ में हुए समस्त व्यय की राशि जमा करने के लिए डिमांड पत्र भी जारी किया है।
रायपुर नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम जोन-5 के नगर निवेश विभाग ने यह कार्रवाई की। जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, कार्यपालन अभियंता लाल महेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश्वर रामटेके और उपअभियंता टिकेन्द्र चंद्राकर की उपस्थिति में निगम की टीम ने विनायक सिटी मार्ग पर अभियान चलाया। निगम के अनुसार संबंधित निर्माणकर्ता द्वारा आवास के साथ दुकान का निर्माण किया गया था। इसके अलावा फ्रंट एमओएस के भाग में तीन दुकानों का निर्माण किया गया था। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर थ्रीडी मशीन की मदद से इन निर्माणों को तोडऩे की कार्रवाई की। कार्रवाई में हुए समस्त व्यय की राशि की वसूली के लिए जोन-5 नगर निवेश विभाग द्वारा संबंधित निर्माणकर्ता को डिमांड पत्र प्रेषित किया गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों के विपरीत किए गए निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
