सरकारी स्कूल में ‘शराब-मुर्गा पार्टी’ का वीडियो वायरल, 5 शिक्षक और स्वीपर को नोटिस

Follow Us

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के एक सरकारी स्कूल परिसर में शराब और नॉनवेज पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। मामला मालखरौदा ब्लॉक के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल किरारी का बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में पांच शिक्षक और एक स्वीपर स्कूल परिसर में पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में टेबल पर शराब की बोतलें और नॉनवेज से भरी प्लेटें दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है और स्कूल की छुट्टी के बाद का है।

जानकारी के मुताबिक, कुछ ग्रामीण स्कूल परिसर में पहुंचे थे, जहां उन्होंने शिक्षकों और स्वीपर को पार्टी करते देखा। ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने वीडियो में नजर आ रहे पांच शिक्षकों और एक स्वीपर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर अपना जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।

डीईओ ने कहा कि कर्मचारियों के जवाब मिलने के बाद मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने दावा किया है कि स्कूल परिसर में इस तरह की पार्टी पहले भी हो चुकी है। शिक्षा विभाग अब इन आरोपों की भी जांच कर सकता है।