जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, 12 नवंबर को रायपुर में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

Follow Us

महासमुंद। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), नयापारा में जिला स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी और पश्चिम भारत विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और नवाचार पर आधारित आकर्षक मॉडल एवं परियोजनाएं प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी जोन स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) रेखराज शर्मा, नंदकिशोर सिन्हा, सहायक संचालक प्रकाश मांझी, सेजेस नयापारा की प्राचार्य अमी रूफस, जिला नोडल अधिकारी सुबोध कुमार तिवारी और एपीसी धन्वन्तरि सिन्हा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के वैज्ञानिक मॉडल और परियोजनाओं का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता एवं नवाचार की सराहना की।

प्रदर्शनी में बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर नवल (सेजेस भंवरपुर), लोकेश्वरी दिव्यांग मन्नत और चंचल साहू (सेजेस नयापारा) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण में धारा जैन और झरना मिश्रा, गणितीय मॉडल एवं संगणनात्मक सोच में दुर्गेश साहू और मयंक साहू चयनित हुए। स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सफाई विषय में डिगेश सेन, देविका साहू और अंजली साहू, जबकि आपदा प्रबंधन में प्रियंका नामदेव, गगन देवांगन और सुजीव विश्वास ने स्थान बनाया।

इसी तरह स्वदेशी कृषि पद्धतियों में पार्थ साहू और खुशी निषाद तथा ग्रामीण परिवहन के लिए विज्ञान विषय में भारत पटेल, भावना बंजारा और जितेश साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

अन्य प्रतियोगिताओं में विज्ञान संगोष्ठी में योगेश कुमार बड़ाई ने प्रथम और किंवदंती साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शिक्षकों की शिक्षण सहायक सामग्री निर्माण प्रतियोगिता में कमल नारायण भोई प्रथम रहे। व्यक्तिगत परियोजना में यामिनी साहू प्रथम, तेजस्वी सेन द्वितीय और सोनिर कौशिक तृतीय स्थान पर रहे। टीम परियोजना में ज्योति ध्रुव एवं तृषाक्षी साहू तथा साक्षी चन्द्राकर एवं सुहानी पटेल ने बेहतर प्रदर्शन किया। विज्ञान नाटिका में सेजेस भंवरपुर की टीम प्रथम और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीके बाहरा की टीम द्वितीय रही। वहीं, विज्ञान प्रश्नमंच में सेजेस बागबाहरा के प्रियदर्शन सिंह और मोहनीश चन्द्राकर ने प्रथम स्थान हासिल किया।

12 नवंबर को रायपुर में होगी जोन स्तरीय प्रतियोगिता
जिला स्तर पर चयनित सभी विजेता प्रतिभागी 12 नवंबर को शासकीय बीएड महाविद्यालय, शंकर नगर, रायपुर में आयोजित जोन स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में महासमुंद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। डीएमसी रेखराज शर्मा ने कहा कि जिले के विद्यार्थी और शिक्षक विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों में लगातार उत्साह के साथ भाग लेते रहे हैं। यहां के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने नवाचार मॉडल और परियोजनाओं का प्रदर्शन किया है। ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नई तकनीकों के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों और जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी विजेता विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।