धमतरी। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता और सिपाही हैं। पार्टी और संगठन की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है या भविष्य में दी जाएगी, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना उनका कर्तव्य है। उनके लिए राजनीति पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और देश की सेवा करने का जरिया है।
वे गुरुवार को इंडियन कॉफी हाउस, धमतरी में आयोजित दीपावली मिलन समारोह एवं ‘मसान डबरा : एक बदलाव की कहानी’ मैगजीन पर परिचर्चा कार्यक्रम में अपने विचार रख रहे थे। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने उनसे सामाजिक, राजनीतिक और जनसेवा से संबंधित मुद्दों पर सवाल किए।
मसान डबरा के विकास की साझा की कहानी
परिचर्चा में पत्रकार गोपी कश्यप द्वारा संकलित मैगजीन ‘मसान डबरा : एक बदलाव की कहानी’ पर विशेष चर्चा हुई। इसमें प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत ग्राम पंचायत सांकरा के मसान डबरा में विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के 34 परिवारों के लिए बनाए गए पक्के आवास और विकसित आवासीय कॉलोनी की विकास यात्रा को दर्शाया गया है। अरुण सार्वा ने इस परियोजना की परिकल्पना से लेकर उसके धरातल पर साकार होने तक की जानकारी साझा की और इसमें अपने व्यक्तिगत प्रयासों, समय, श्रम एवं संसाधनों के योगदान के बारे में बताया।
सरकारी योजनाओं में जनभागीदारी को बताया जरूरी
अरुण सार्वा ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता तभी सुनिश्चित होती है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। योजनाओं का क्रियान्वयन केवल सरकारी दस्तावेजों तक सीमित न रहकर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए बजट और संसाधन उपलब्ध करा रही हैं, लेकिन इनके प्रभावी क्रियान्वयन में समाज की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार विकास कार्यों में योगदान दे सकता है। कोई आर्थिक सहयोग कर सकता है, तो कोई समय और श्रमदान के माध्यम से अपनी भूमिका निभा सकता है। वहीं, तकनीकी जानकारी और निर्माण कार्यों का अनुभव रखने वाले लोग अपनी विशेषज्ञता से विकास कार्यों को बेहतर बना सकते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब सरकार के साथ समाज का हर वर्ग अपनी जिम्मेदारी समझकर विकास की प्रक्रिया में सहभागी बने।
मीडिया की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
कार्यक्रम के दौरान अरुण सार्वा ने पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज की समस्याओं, जनभावनाओं और विकास कार्यों को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनहित से जुड़ी सकारात्मक पहल को लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका रहती है। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार एवं मैगजीन संकलनकर्ता गोपी कश्यप ने किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार और प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
