चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़-चंबा मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। बस में चालक और परिचालक समेत करीब 22 लोग सवार थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस सुबह बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी और करीब 6.30 बजे हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पहाड़ी मार्ग पर मोड़ पार करते समय चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद बस नीचे जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और राहत-बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत कार्य में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और उसके नीचे फंसे लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी रहा। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और शुरुआती तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
