ऑकलैंड। न्यूजीलैंड के गेंदबाज जैकब डफी ने कहा कि मौजूदा भारत के न्यूज़ीलैंड दौरे में मैच देर से शुरू होना टीमों के लिए अपने स्कोर का बचाव नहीं कर पाने की “एक बड़ी वजह” है। ईडन पार्क खेले गये पहले एकदिवसीय मैच में भारत से पांच विकेट से मिली हार के बाद डफी ने कहा, “टॉस जीतकर हर टीम पहले गेंदबाजी ही करती है, इसकी एक वजह है। मैं यह नहीं कह रहा कि लक्ष्य का बचाव करना असंभव है, मेरी बात को ग़लत मत समझिए। ऐसा नहीं है कि टॉस हारते ही हम हार मान लेते हैं। लेकिन जैसे ही पिच पर थोड़ी नमी आती है- आज रात मुझे लगा कि हवा चल रही थी और शायद पिच पर इतनी नमी नहीं आती, लेकिन बारिश ने वह नमी ला दी, जो अन्यथा ओस से आती। जब गेंद इस तरह स्किड करने लगती है, तो पिच की चिपचिपाहट कम हो जाती है और टेनिस बॉल जैसा वह उछाल भी नहीं मिलता, जो हमने उनकी पारी में देखा था। मेरे ख़्याल से इसी वजह से गेंद स्किड कर रही थी।”
न्यूजीलैंड ने जिन पांच मौकों पर पहले बल्लेबाजी की, उन सभी में भारत ने टॉस जीतकर उसे बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया। न्यूजीलैंड केवल चौथे टी-20 में अपने स्कोर का बचाव करने में सफल रहा था। उस मैच में उसका रिकॉर्ड 259 रन का स्कोर भारत की पहुंच से बाहर साबित हुआ था। डफी ने कहा कि ईडन पार्क में 185 रन का स्कोर “कभी भी काफी नहीं होने वाला था”। भारत के तेज गेंदबाजों अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज ने मिलकर गेंदबाज़ों के खाते में आए सभी नौ विकेट लिए। एक अन्य विकेट रन आउट के रूप में गिरा। डफ़ी ने कहा कि भारतीय तेज़ गेंदबाज़ों ने “गेंद को सीम पर टप्पा खिलाया और पिच से उछाल हासिल किया”।
दिल्ली में बड़ा हादसा: चावड़ी बाजार में भरभराकर गिरी तीन मंजिला इमारत, दो की मौत
पहले वनडे की पूर्व संध्या पर भारत के कप्तान शुभमन गिल ने लंबे क़द के तेज़ गेंदबाजों के महत्व पर बल दिया था। बराड़ भी उन लंबे तेज गेंदबाजों में शामिल हैं, जिन्हें भारत अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी के लिए आज़मा रहा है। डफी ने कहा, “मुझे लगता है कि उन्होंने वाक़ई बहुत अच्छी गेंदबाज़ी की। उनके गेंदबाज़ी आक्रमण में कुछ लंबे क़द के खिलाड़ी हैं और उन्होंने पिच के उछाल का शानदार इस्तेमाल किया। उन्होंने यह काम अच्छी तरह किया। दूसरी ओर, हमने शुरुआत में बल्ले से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया। 180 (185)रन का बचाव करना बेहद मुश्किल था। फिर उन्होंने जिस तरह आक्रामक बल्लेबाज़ी की, उसमें तेज़ी से कुछ रन बनाना उनके लिए आसान हो गया।”
कम स्कोर का बचाव करने के बावजूद न्यूजीलैंड ने भारत के पांच विकेट गिरा दिए। गिल और विराट कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रन की तेज साझेदारी के बाद न्यूजीलैंड ने लगातार तीन विकेट हासिल किए। डफ़ी ने माना कि ये विकेट “शायद थोड़ी देर से आए”, लेकिन न्यूज़ीलैंड के पास इस मैच से “हासिल करने के लिए कुछ चीजें” थीं। उन्होंने कहा, “हमने सीरीज़ के लिए अपना इरादा दिखा दिया है। हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। हम इन खिलाड़ियों के खिलाफ जोरदार वापसी करेंगे और अपना दम दिखाएंगे। इस परिस्थिति में शॉर्ट गेंद कुछ हद तक कारगर साबित हुई। इसलिए शायद सीरीज़ में अपनी छाप छोड़ने के लिए हमने इसी विकल्प को चुना।”
