तिरंगे के रंग में रंगा रायपुर पश्चिम, राजेश मूणत के नेतृत्व में निकली विराट तिरंगा यात्रा

Follow Us

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में विराट तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी, भाजपा कार्यकर्ता, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के साथ पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष गूंजते रहे।

चौक-चौराहों पर हुआ भव्य स्वागत

तिरंगा यात्रा के मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया। बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक में राष्ट्रभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने यात्रा को और भव्य बना दिया।

इन मार्गों से गुजरी तिरंगा यात्रा

यात्रा पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से शुरू होकर तात्यापारा, रामसागर पारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, रामनगर अंडर ब्रिज, कर्मा चौक, कबीर चौक और CSEB चौक होते हुए भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंची।

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि तिरंगा यात्रा किसी एक व्यक्ति या संगठन का आयोजन नहीं, बल्कि रायपुर पश्चिम की जनता के राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय स्वाभिमान की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।

भारत माता चौक पर 51 पंडितों ने की दिव्य आरती

शाम करीब 6 बजे तिरंगा यात्रा भारत माता चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इसके बाद 51 पंडितों द्वारा गंगा आरती की तर्ज पर भारत माता की दिव्य आरती की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और दीपों की ज्योति के बीच हजारों नागरिकों ने आरती में हिस्सा लिया।

रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हजारों हाथों में तिरंगा और भारत माता की आरती में प्रज्ज्वलित 51 दीप राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति के संगम का प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्र और संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं।

जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

भारत माता की आरती के बाद छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकरंग अर्जुंदा के कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। हजारों हाथों में तिरंगा, भारत माता के जयघोष और 51 आरती दीपों की ज्योति के साथ रायपुर पश्चिम में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रभक्ति का भव्य वातावरण देखने को मिला।