सांसद बृजमोहन अग्रवाल होंगे मुख्य अतिथि
भाटापारा। राज्य शासन के निर्णयानुसार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा 16 नवंबर 2026 को बलौदाबाजार स्थित जिला ऑडिटोरियम में अपरान्ह 2:30 बजे से जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नायकों एवं महापुरुषों के योगदान को स्मरण करने तथा जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
धान खरीदी महाभियान आज से प्रारम्भ, पहले दिन की खरीदी के लिये 306 टोकन जारी
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला स्तरीय समारोह के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या अग्रवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आयोजन संबंधी आवश्यक दायित्व सौंपते हुए आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय गौरव दिवस समारोह को गरिमामय स्वरूप देने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान तथा समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
