प्रो. संजय द्विवेदी को मिलेगा ‘संतश्री अशोक तिवारी स्मृति सम्मान’, राष्ट्रीय चेतना पर लेखन के लिए किया जाएगा सम्मानित

Follow Us

भोपाल। प्रख्यात लेखक, वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया शिक्षाविद् प्रो. संजय द्विवेदी को राष्ट्रीय चेतना के जागरण से जुड़े लेखन में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘संतश्री अशोक तिवारी स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान 18 नवंबर को बिहार के गोपालगंज में आयोजित होने वाले सदानीरा महोत्सव-2026 में प्रदान किया जाएगा। यह भारत का पहला ग्रामीण लिटरेचर फेस्टिवल माना जाता है, जिसका आयोजन हर साल गोपालगंज के करवतही बाजार में किया जाता है।

मीडिया शिक्षा और पत्रकारिता में रहा उल्लेखनीय योगदान
प्रो. संजय द्विवेदी प्रख्यात मीडिया शिक्षाविद् और वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने मीडिया शिक्षा, शोध और व्यावहारिक पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के महानिदेशक रह चुके हैं।इससे पहले उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में प्रभारी कुलपति और कुलसचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली है। वर्तमान में वे इसी विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में आचार्य एवं अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।प्रो. द्विवेदी ने राष्ट्रबोध और संचार विमर्श से जुड़े विषयों पर अब तक 33 पुस्तकों का लेखन एवं संपादन किया है।

कई प्रमुख हस्तियों को भी मिलेगा सम्मान
आयोजन समिति के अध्यक्ष सर्वेश तिवारी श्रीमुख ने बताया कि सदानीरा महोत्सव साहित्य, संस्कृति, समाज और बौद्धिक चेतना के विभिन्न पहलुओं को समर्पित आयोजन है।इस वर्ष प्रो. संजय द्विवेदी के अलावा फिल्म समीक्षक रमेश अनुपम, लोकगायक मदन राय, कवि सुनील कुमार तंग और बलराम बल्लू को भी सम्मानित किया जाएगा।

देशभर से जुटेंगे 100 से अधिक साहित्यकार
एक दिवसीय सदानीरा महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से 100 से अधिक लेखक, कवि और साहित्यकार शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान साहित्यिक परिचर्चा, कवि सम्मेलन और संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, सदानीरा महोत्सव ने पूर्वांचल के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब इसकी चर्चा देश के विभिन्न हिस्सों में भी होने लगी है।