भखारा क्षेत्र के मड़ई मेले में आइसक्रीम बेचने आया था युवक, पुरैना गांव के पास हुई वारदात
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आइसक्रीम बेचने आए राजस्थान निवासी एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान राम प्रकाश बिल के रूप में हुई है। वह राजस्थान के भीलवाड़ा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक व्यापार के सिलसिले में धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेले में आइसक्रीम बेचने पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान पुरैना गांव के पास अज्ञात लोगों ने उसकी पीठ पर चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
