एकादशी मेले में चाकू से हमला

Follow Us

महासमुंद। कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम डीहीटेमरी में आयोजित भीमसेनी एकादशी मेले के दौरान एक 17 वर्षीय किशोर पर अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया,उसे उपचार के लिए ओडिशा के नुआपाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के ग्राम परसाभदर निवासी रिखीराम राउत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका 17 वर्षीय पुत्र आकाश यादव 25 जून की शाम अपने दोस्तों के साथ भीमसेनी एकादशी मेला देखने गया था। रात करीब एक बजे आकाश के दोस्त विष्णु केंवट ने फोन कर सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आकाश के पेट में चाकू मार दिया है। चाकू लगने से उसके पेट से आंत बाहर निकल आई थी। परिजन और दोस्तों ने तत्काल उसे वाहन से नुआपाड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। कोमाखान पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।