बलौदाबाजार में करंट से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, पिता-पुत्र के बाद मां ने भी तोड़ा दम

Follow Us

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को हुए हादसे में पिता और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से झुलसी महिला ने शनिवार सुबह उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार की दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

सफाई के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया परिवार
जानकारी के मुताबिक, नेहरू चौक निवासी राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह अपने घर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर वे गंभीर रूप से झुलस गए। पति को करंट की चपेट में आया देख उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन दोनों भी बिजली के करंट की चपेट में आ गए।

हादसा इतना भयावह था कि राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल वर्षा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया था, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार सुबह वर्षा ने भी दम तोड़ दिया।

मरवाही में 62 हाथियों के दल से दहशत, बांध में अठखेलियां करते दिखा झुंड, खेतों में मचाई तबाही

हादसे का वीडियो आया था सामने
इस दर्दनाक हादसे का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें घर की बालकनी के पास हाईटेंशन लाइन से करंट और आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही थीं। आग की चपेट में घर की बालकनी भी आ गई थी। घटना का यह भयावह दृश्य देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिस घर में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।