इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग, 22 लाख का सामान जलकर खाक

Follow Us

रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुरा के खल्लारी चौक स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग 5 नवंबर की सुबह नारा सेल्स रायपुर नामक दुकान में लगी। आग से एलईडी टीवी, एसी, कूलर, वाटर प्यूरीफायर, एलईडी बल्ब और सीलिंग फैन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। दुकान संचालक ने करीब 22 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।

पुलिस के अनुसार, दुकान संचालक नंदकिशोर ठाकरे (37), निवासी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, रायपुरा ने डीडी नगर थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 5:40 बजे दुकान के मालिक एचएल सिंह ने फोन कर दुकान से धुआं निकलने और आग लगने की सूचना दी।

बीसीसीआई और पूर्व दिग्गजों ने शमी को सराहा

इधर, दुकान के पास रहने वाले संजय सिंह ने आग की जानकारी मिलते ही डायल 112 और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। सुबह करीब 6 बजे जब दुकान संचालक मौके पर पहुंचे, तब तक दुकान में रखा काफी सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकान संचालक के मुताबिक, आग से करीब 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।