नईदिल्ली। देशभर में मनाए जा रहे 5 दिवसीय दीपोत्सव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम अपना विशेष बधाई संदेश जारी किया है। अपने संदेश में उन्होंने न केवल नागरिकों के जीवन में खुशहाली की कामना की, बल्कि एक समृद्ध विकसित भारत के निर्माण की दिशा में मिलकर आगे बढऩे का आह्वान भी किया है। इसी तरह उन्होंने यह भी साफ किया है कि वह हर साल की तरह इस बार भी देश के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, नमस्ते! दीपावली का यह पावन पर्व, पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। प्रकाश का यह पर्व, अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है। आप सबको दीपावली की मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपका यह पर्व, आपका आगे का समय, सबकुछ सुख, शांति और समृद्धि से भरा रहे। यह त्योहार और आने वाला समय आपके जीवन में खुशी, शांति और समृद्धि लाए।
प्रधानमंत्री ने संदेश में अपनी उस वार्षिक परंपरा का भी विशेष रूप से उल्लेख किया, जिसके तहत वे हर साल भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों के साथ दीपावली का त्योहार मनाते हैं। उन्होंने कहा, जैसा कि आप सभी जानते हैं, देश के वीर सैनिकों के साथ दीपावली का त्योहार मनाना मेरी एक वार्षिक परंपरा रही है। इस वर्ष भी मैं अपनी इस परंपरा को जारी रखूंगा और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जांबाज जवानों के बीच मौजूद रहूंगा।
