नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने शनिवार को अपने संदेश में कहा , “दीपावली के शुभ अवसर पर मैं, भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। रावण पर विजय के बाद उनके अयोध्या लौटने पर जो आनंदोत्सव मनाया गया उसमें प्रभु श्रीराम द्वारा सुंदर दीपमाला का सहर्ष अवलोकन किया गया, यह लोक विश्वास दीपावली मनाने का सांस्कृतिक और भक्तिपूर्ण आधार है। यह त्योहार रामराज्य के शुभारंभ का प्रतीक भी है। ”
उन्होंने कहा कि बुरी प्रवृत्तियों पर अच्छे संस्कारों की विजय का संदेश देने वाला यह पर्व हर प्रकार के कष्टों के समाप्त होने और सुखमय जीवन के आरंभ होने के विश्वास का अवसर भी है। दीपावली के अवसर पर, शुभारंभ एवं कल्याण के प्रदाता श्रीगणेश एवं सुख-समृद्धि की अधिष्ठात्री महालक्ष्मी की उपासना तथा सबके लिए खुशहाली की प्रार्थना की जाती है।
दीप पर्व पर रोशनी से जगमगाया दलदल सिवनी मुख्य मार्ग, 109 पोलों पर लगाई गईं 218 नई स्ट्रीट लाइटें
राष्ट्रपति ने कहा,” मैं कामना करती हूं कि देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि व्याप्त हो, पर्यावरण संरक्षित रहे, समरसता और बंधुता के आदर्श और अधिक मजबूत हों तथा देशप्रेम की भावना से प्रेरित हमारी युवा पीढ़ी, आदर्श भारतीय मूल्यों के अनुरूप, विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान दे।”
