मरवाही में 62 हाथियों के दल से दहशत, बांध में अठखेलियां करते दिखा झुंड, खेतों में मचाई तबाही

Follow Us

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल क्षेत्र में 62 हाथियों के विशाल दल की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। हाथियों का यह झुंड लगातार अलग-अलग इलाकों में विचरण कर रहा है। इस बीच ड्रोन से कैद किया गया हाथियों का एरियल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पूरा झुंड बांध के पानी में उतरकर अठखेलियां करता नजर आ रहा है।

पानी में नहाने के बाद हाथियों का दल पास के खेतों में पहुंच गया, जहां हाथियों ने धान की खड़ी फसल को रौंद दिया। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, फिलहाल हाथियों का दल मरवाही वनमंडल के धवाई टिकरा क्षेत्र में विचरण कर रहा है। बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग और हाथी मित्र दल अलर्ट पर हैं। वनकर्मियों की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, जंगल की ओर नहीं जाने और उनके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देने कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।