नई दिल्ली। देश के विभिन्न हिस्सों में मौसमी गतिविधियों में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है। जहां एक ओर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा दस्तक देने लगा है, वहीं दक्षिण भारत, तटीय क्षेत्रों और पूर्वोत्तर राज्यों में बादलों के डेरे के साथ मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके विपरीत, उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए त्योहारी सीजन के दौरान राहत की खबर है, जहां मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और बारिश से त्योहार का रंग फीका पड़ने की कोई आशंका नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर में आज साफ रहेगा आसमान, सुबह धुंध और कोहरे का असर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार को दिनभर मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का पूर्वानुमान है, हालांकि सुबह के शुरुआती घंटों में कई इलाकों में हल्का कोहरा और धुंध छाई रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.6 से 3 डिग्री कम रहकर 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय उत्तर-पश्चिमी दिशा से करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिनकी गति दोपहर में 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन 8 और 9 नवंबर को सुबह के समय मध्यम कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भारी बारिश की चेतावनी, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
उत्तर भारत में मौसम के शुष्क बने रहने के उलट दक्षिण भारत में मानसूनी और मौसमी हलचल काफी तेज है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 नवंबर तक गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा केरल और माहे में भी 8 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिसके झोंके बीच-बीच में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जा सकती है।
बलौदाबाजार में करंट से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, पिता-पुत्र के बाद मां ने भी तोड़ा दम
पूर्व और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी सक्रिय रहेगा मौसम, 9 से 12 नवंबर तक अलर्ट
दक्षिण भारत के अलावा पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बादलों का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 8 से 12 नवंबर के बीच बारिश का दायरा बढ़ेगा और 9 से 11 नवंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 8 से 12 नवंबर के दौरान मौसम करवट लेगा, जहां 10 और 11 नवंबर को मूसलाधार बारिश का अनुमान है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों और झारखंड में 9 नवंबर से मौसमी बदलाव के चलते हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।
