प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था अब हाईटेक हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एआई तकनीक से लैस नई डायल- 112 सेवा के नए वाहन और फोरेंसिक मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाई। इसी के साथ इस सेवा का दायरा प्रदेश के सभी 33 जिलों तक हो गया है। ‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह आधुनिक सेवा पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं को एकीकृत करते हुए नागरिकों को एक ही नंबर पर त्वरित आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराएगी। इसके तहत शुरू किए गए वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन तकनीकों की मदद से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और त्वरित संचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह सेवा चौबीसों घंटे संचालित होगी। इसी तरह मोबाइल फॉरेंसिक वैन प्रदेश में अपराध अनुसंधान को नई दिशा देंगी। “सटीक जांच-त्वरित न्याय” के उद्देश्य के साथ शुरू की गई यह पहल घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच की सुविधा उपलब्ध कराएगी। निश्चित रूप से प्रदेश में एआई आधारित नई डायल- 112 सेवा के साथ मोबाइल फोरेंसिक वैन की शुरुआत राज्य की कानून-व्यवस्था और अपराध जांच प्रणाली को “पारंपरिक पुलिसिंग” से “वैज्ञानिक पुलिसिंग” की ओर ले जाने वाला कदम है। यह केवल तकनीकी सुविधा नहीं, बल्कि अपराध जांच की पूरी कार्यप्रणाली में बदलाव का संकेत है। मोबाइल फोरेंसिक वैन ऐसी चलित प्रयोगशाला होती है, जो सीधे घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का काम करती है। फिंगरप्रिंट जांच,डीएनए और जैविक नमूने संग्रह, डिजिटल साक्ष्य विश्लेषण, फोटो और वीडियो डॉक्यूमेंटेशन, साइबर और इलेक्ट्रॉनिक डेटा रिकवरी जैसी सुविधाएँ उपलब्ध रहती हैं। यानी अब हर मामले में सबूतों को दूर लैब भेजने का इंतजार कम हो सकता है। मोबाइल फोरेंसिक वैन वैज्ञानिक सबूतों पर आधारित जांच को मजबूत कर सकती है। इससे अदालत में मामलों की विश्वसनीयता बढ़ेगी।हत्या, बलात्कार, सड़क दुर्घटना या नक्सली घटनाओं में शुरुआती कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। देरी से साक्ष्य नष्ट हो जाते हैं। मोबाइल वैन मौके पर पहुंचकर तुरंत जांच शुरू कर सकेगी, जिससे सबूत सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। आज अपराध केवल जमीन पर नहीं, मोबाइल और इंटरनेट पर भी हो रहे हैं। डिजिटल डेटा रिकवरी और इलेक्ट्रॉनिक जांच क्षमता साइबर अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस सेवा के जरिए सरकार यह संदेश देना चाहती है कि अब पुलिसिंग केवल “बल प्रयोग” नहीं, बल्कि तकनीक और डेटा आधारित होगी। यह आधुनिक प्रशासन और “स्मार्ट लॉ एंड ऑर्डर” की छवि बनाने का प्रयास भी है। लेकिन चुनौतियाँ भी है। फोरेंसिक वैन तभी प्रभावी होगी जब प्रशिक्षित वैज्ञानिक और तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध होंगे। केवल वाहन और मशीनें खरीद लेना पर्याप्त नहीं होगा। प्रदेश के दूरस्थ और वन क्षेत्रों में सड़क और संचार व्यवस्था आज भी कमजोर है। ऐसे में समय पर वैन पहुंचना चुनौती हो सकता है। साथ ही डिजिटल फोरेंसिक और डेटा विश्लेषण के बढ़ते उपयोग से नागरिक स्वतंत्रता और डेटा सुरक्षा पर बहस भी तेज हो सकती है। बहरहाल, मोबाइल फोरेंसिक वैन की शुरुआत प्रदेश में पुलिस और जांच व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यदि इसे प्रशिक्षित मानव संसाधन, मजबूत लैब नेटवर्क और पारदर्शी प्रक्रिया से जोड़ा गया, तो यह अपराध जांच और न्याय प्रणाली में बड़ा बदलाव ला सकती है। लेकिन यदि यह केवल उद्घाटन और प्रचार तक सीमित रही, तो हाईटेक व्यवस्था का दावा जमीन पर कमजोर पड़ सकता है।
हाईटेक छत्तीसगढ़! -संजीव वर्मा
Follow Us
