आईपीएल 2026: दिल्ली और राजस्थान में आज ‘करो या मरो’ की जंग, हारने पर बंद हो सकते हैं प्लेऑफ के रास्ते, जानें पिच रिपोर्ट

Follow Us

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के महामुकाबले में आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे दिल्ली कैपिटल्स (DC) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच सीजन का 62वां मैच खेला जाएगा। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए दोनों ही टीमों पर जीत का भारी दबाव है। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स 12 मैचों में 10 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है, और आज की हार उसे टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स 11 मैचों में 12 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर है। राजस्थान के लिए राहत की बात यह है कि नियमित कप्तान रियान पराग चोट के बाद वापसी कर सकते हैं, जिनकी गैरमौजूदगी में पिछले मैच में यशस्वी जायसवाल ने कप्तानी संभाली थी।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच को हमेशा से बल्लेबाजों की मददगार माना जाता है, जिससे आज एक हाई-स्कोरिंग मैच की पूरी उम्मीद है। यहाँ पिछले पांच मैचों में से चार में पहली पारी का स्कोर 180 रन के पार गया है। दिल्ली में रविवार को भीषण गर्मी (करीब 42 डिग्री सेल्सियस) रहने के कारण ओस का असर न के बराबर रहेगा। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है। इतिहास की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 31 मुकाबलों में दिल्ली ने 16 और राजस्थान ने 15 मैच जीते हैं, जो इनके बीच के कड़े मुकाबले को दर्शाता है। क्रिकेट फैंस इस रोमांचक मैच का आनंद टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘JioHotstar’ ऐप पर शाम 7:30 बजे से ले सकते हैं।