नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के 63वें बेहद रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को उसी के घर एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में 5 विकेट से धूल चटा दी। इस धमाकेदार जीत के साथ ही हैदराबाद ने शान से प्लेऑफ का टिकट कटा लिया है। इतना ही नहीं, SRH की इस जीत के समीकरण ने गुजरात टाइटंस की भी किस्मत चमका दी और उसने भी अंतिम-4 के लिए क्वालिफाई कर लिया। मुकाबले में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था, जिसे हैदराबाद ने 19 ओवर में ही 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी चेन्नई के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 46 रनों का योगदान दिया, जबकि कार्तिक शर्मा ने 32 और संजू सैमसन ने 27 रन बनाए। हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। चेन्नई की पारी खत्म होने के बाद मैदान पर एक भावुक पल भी देखने को मिला, जब महान क्रिकेटर एमएस धोनी ने पूरी टीम के साथ ग्रुप फोटोशूट कराया, जिसकी तस्वीरें अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रही हैं।

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ट्रैविस हेड महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और 47 गेंदों में 7 चौकों व 3 छक्कों की मदद से 70 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। उनका बखूबी साथ निभाते हुए हेनरिक क्लासेन ने भी 26 गेंदों में ताबड़तोड़ 47 रन कूटे। अंत में सलिल अरोड़ा (10) और स्मरण रविचंद्रन (5) ने नाबाद रहकर टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया।
