तिरुवनंतपुरम। केरल में 10 साल बाद सत्ता में लौटे कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा कर दिया है। जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री सतीशन ने सरकार की मुख्य शक्तियों को अपने पास केंद्रित रखते हुए वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और बंदरगाह (पोर्ट) सहित कुल 35 महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार खुद संभाला है। इस तरह सरकार की ज्यादातर मुख्य नीतियां और फैसले मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अधीन रहेंगे।
मंत्रिमंडल में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए राज्य का नया गृह और सतर्कता (विजिलेंस) मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा वे तीन अन्य विभागों का कामकाज भी देखेंगे। सहयोगी दल आईयूएमएल (IUML) के दिग्गज नेता पी.के. कुन्हालीकुट्टी को उद्योग, आईटी और कपड़ा मंत्रालय सहित कुल 7 विभागों की कमान सौंपी गई है। वहीं, केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ को बिजली और पर्यावरण मंत्रालय का जिम्मा मिला है।
अन्य प्रमुख मंत्रियों में के. मुरलीधरन को स्वास्थ्य और देवासम (धार्मिक स्थल) विभाग, रोजी एम. जॉन को उच्च शिक्षा, ए.पी. अनिल कुमार को भूमि एवं राजस्व, और शम्सुद्दीन को सामान्य शिक्षा मंत्री नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने हाल ही में 20 सदस्यीय कैबिनेट के साथ शपथ ली थी। विभागों के आवंटन के बाद मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यूडीएफ सरकार के धर्मनिरपेक्ष रुख में कोई बदलाव नहीं आएगा और इस नीति पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
