बलरामपुर। जिले में वाड्रफनगर स्थित धनवार अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट में जमीन अधिग्रहण के बाद भी मुआवजा नहीं मिलने से नाराज किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि प्रशासन ने चेकपोस्ट निर्माण के लिए करीब 20 एकड़ जमीन अधिग्रहित की थी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी कई प्रभावित परिवारों को मुआवजे की राशि नहीं मिली।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आर्थिक संकट का हवाला देते हुए जल्द भुगतान की मांग उठाई।

मौके पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। स्थिति को संभालने पहुंचे एसडीएम ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिया। प्रभावित किसान मिथलेश दुबे ने बताया कि शासन स्तर से लगभग 8 लाख रुपए मुआवजा स्वीकृत हुआ था, लेकिन यह राशि किस खाते में गई, इसकी स्पष्ट जानकारी विभाग नहीं दे पा रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन जवाब देने से बच रहा है। फिलहाल समझाइश के बाद आंदोलन समाप्त हो गया, लेकिन किसानों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं होने पर वे उग्र आंदोलन करेंगे।

