पीएम मोदी और मेलोनी के ‘मेलोडी’ वीडियो पर राहुल गांधी का तंज, बोले- देश में आर्थिक तूफान और प्रधानमंत्री बना रहे रील

Follow Us

नई दिल्ली/रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी का एक सोशल मीडिया वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पीएम मोदी इतालवी प्रधानमंत्री को भारत की मशहूर ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट गिफ्ट करते नजर आ रहे हैं, जिस पर दोनों नेता हंसते हुए ‘मेलोडी’ कहते हैं। अब इस वीडियो को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर बेहद तीखा हमला बोला है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए इस कृत्य को नेतृत्व नहीं बल्कि ‘नौटंकी’ करार दिया। उन्होंने लिखा कि देश का किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी आर्थिक तंगी से रो रहे हैं, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में हंसकर रील बना रहे हैं और भाजपा के लोग इस पर तालियां बजा रहे हैं। राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि, देश के सिर पर बड़ा आर्थिक तूफान मंडरा रहा है। जब महंगाई आसमान छूने लगेगी, गरीबों को चोट पहुंचेगी और किसानों को खाद नहीं मिलेगी, तब प्रधानमंत्री भावुक होकर अपनी गलतियों से पल्ला झाड़ लेंगे।

गौरतलब है कि, पीएम मोदी 15 से 20 मई तक यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की अपनी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में द्विपक्षीय सहयोग, व्यापार और रक्षा समझौतों को मजबूत करने के लिए रोम पहुंचे हैं, जहां द्विपक्षीय मुलाकात के दौरान का यह वीडियो अब देश में बड़े राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है।