रायबरेली/नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ एक बेहद विवादित बयान दिया है, जिस पर देश की सियासत गरमा गई है। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी और संविधान की सुरक्षा के बहाने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के लिए “गद्दार” शब्द का इस्तेमाल कर दिया, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
रायबरेली में जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान में हर नागरिक को समान अधिकार दिया है, लेकिन बीजेपी और आरएसएस मिलकर इसे कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने जनता से कहा, “जब भी बीजेपी-आरएसएस के लोग आपके सामने आएं, तो उनसे खुलकर कहिए कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह गद्दार हैं, क्योंकि इन्होंने देश को बेचने का काम किया है।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि, यह देश किसी एक संगठन या जाति का नहीं बल्कि सबका है, और वर्तमान सरकार इसकी आर्थिक नीतियों को नुकसान पहुंचा रही है।
इस आपत्तिजनक बयान पर बीजेपी ने बेहद आक्रामक पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ताओं ने कहा कि, राहुल गांधी ने देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का नहीं, बल्कि उन्हें चुनने वाले 140 करोड़ देशवासियों का अपमान किया है। बीजेपी ने राहुल गांधी की मानसिकता को ‘अर्बन नक्सल’ जैसी बताते हुए आरोप लगाया कि, वे पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि देश के प्रति समर्पित मोदी और शाह ‘खुद्दार’ नेता हैं, और उन्हें ‘गद्दार’ कहना राहुल गांधी के मानसिक दिवालियापन को उजागर करता है।
