अमित शाह के बस्तर दौरे पर डॉ. रमन सिंह का बड़ा बयान: “तय होगी विकास की नई इबारत, राहुल गांधी अब भी मानसिक रूप से इमैच्योर”

Follow Us

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। 19 मई को बस्तर के जगदलपुर में आयोजित होने वाली ‘मध्य क्षेत्रीय परिषद’ की उच्च स्तरीय बैठक को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, यह बैठक छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि, जब चार राज्यों के मुख्यमंत्री बस्तर पहुंचेंगे, तो वे अपनी आंखों से देखेंगे कि, बस्तर और छत्तीसगढ़ किस तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने राज्य सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि, जिस नक्सल खात्मे को लोग कभी ‘असंभव’ मानते थे, आज वह धरातल पर संभव होता दिख रहा है। शाह की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक सुरक्षा और विकास के बीच एक नया सेतु तैयार करेगी।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और शादियों के लिए सोना खरीदने में संयम बरतने की अपील पर मचे घमासान पर भी डॉ. सिंह ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। राहुल गांधी के ‘नाकामी के सबूत’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए रमन सिंह ने कहा कि, राहुल गांधी मानसिक रूप से अभी ‘मैच्योर’ नहीं हुए हैं। उन्होंने तर्क दिया कि देश का 90 प्रतिशत सोना बाहर से आता है, जिससे बहुमूल्य विदेशी मुद्रा खर्च होती है।

डॉ. रमन ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का उदाहरण देते हुए कहा कि, उन्होंने भी देशहित में एक वक्त उपवास की अपील की थी; अगर राहुल गांधी उस समय होते, तो शायद उनकी भी आलोचना करते। उन्होंने विश्वास जताया कि पीएम मोदी के इस आग्रह का देश की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर होगा।