मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को रस्सी से बांधकर डंडों से पीटा, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। यहां एक युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला तूल पकड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ लोग कानून को हाथ में लेकर एक बेबस युवक पर डंडों और लात-घूंसों की बरसात करते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह अक्सर राह चलते लोगों से गाली-गलौज या विवाद करता था। इसी बात से नाराज होकर पड़ोस के एक परिवार ने उसे सबक सिखाने के नाम पर बंधक बनाया और तालिबानी अंदाज में उसकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे और किसी ने इस पूरी वारदात का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

यह वायरल वीडियो करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है। जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया, महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर इलाके की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।