योग को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा, स्वस्थ और संतुलित समाज की नींव है योग : राज्यपाल रमेन डेका

Follow Us

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित योग शिविर में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का वाचन किया तथा सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गर्व का विषय है कि पूरा छत्तीसगढ़ सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों के स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की।

राज्यपाल डेका ने लोगों से योग को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और भावनात्मक मजबूती भी प्रदान करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को भी योग की आदत डालने की अपील की, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके और वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनें। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली एक समग्र जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों के प्रति जागरूकता समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।