Dhanteras Festival 2026: धनतेरस का त्योहार आते ही बाजारों में रौनक बढ़ जाती है। इस दिन खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस पर सोना, चांदी, नए बर्तन और कुछ खास वस्तुएं खरीदने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली का आगमन होता है। यही वजह है कि लोग इस दिन अपनी जरूरत और बजट के अनुसार कुछ न कुछ जरूर खरीदते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि धनतेरस पर किन चीजों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है और किन वस्तुओं को खरीदने के पीछे धार्मिक मान्यता जुड़ी हुई है? अगर आप भी 6 नवंबर 2026 को धनतेरस के अवसर पर खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं, तो आइए जानते हैं इस दिन क्या खरीदना अच्छा माना जाता है।
धनतेरस 2026 कब है?:
साल 2026 में धनतेरस का पर्व शुक्रवार, 6 नवंबर को मनाया जाएगा। इसे धनत्रयोदशी भी कहा जाता है। यह त्योहार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। धनतेरस से ही दिवाली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत मानी जाती है।
धनतेरस पर क्यों पूजे जाते हैं भगवान धन्वंतरि? जानें इस परंपरा के पीछे की पौराणिक कहानी
धनतेरस पर क्या खरीदें:
- धनतेरस पर खरीदें सोना: धनतेरस पर सोना खरीदना सबसे लोकप्रिय परंपराओं में से एक है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सोने को समृद्धि, वैभव और संपन्नता का प्रतीक माना जाता है। यही कारण है कि इस दिन लोग सोने के सिक्के, आभूषण और अन्य सोने की वस्तुएं खरीदना पसंद करते हैं। मान्यता है कि धनतेरस पर घर में सोना लाने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।
- चांदी खरीदना शुभ माना जाता है: धनतेरस पर चांदी खरीदने का भी विशेष महत्व है। इस दिन चांदी के सिक्के, पायल, बर्तन और अन्य वस्तुएं खरीदने की परंपरा है। कई लोग मां लक्ष्मी और गणेश जी की आकृति वाले चांदी के सिक्के खरीदकर दिवाली की पूजा में इस्तेमाल करते हैं। चांदी को शुद्धता और शुभता का प्रतीक माना जाता है।
- धनतेरस पर खरीदें नए बर्तन: धनतेरस पर नए बर्तन खरीदने की परंपरा काफी पुरानी है। इस दिन लोग पीतल, तांबे, स्टील और चांदी के बर्तन खरीदते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नए बर्तन घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली के प्रतीक माने जाते हैं। आप अपनी जरूरत के अनुसार पूजा के बर्तन, थाली, कटोरी, गिलास या कलश खरीद सकते हैं।
- चांदी के लक्ष्मी-गणेश खरीदना भी शुभ है: धनतेरस और दिवाली के अवसर पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की चांदी की मूर्तियां खरीदने का विशेष चलन है। मां लक्ष्मी को धन और वैभव की देवी माना जाता है, जबकि गणेश जी बुद्धि, विवेक और शुभ शुरुआत के प्रतीक हैं। कई परिवार इन मूर्तियों को अपने घर के मंदिर में स्थापित करते हैं और दिवाली पूजन में शामिल करते हैं।
- मां लक्ष्मी के चांदी के चरण खरीदें: धनतेरस पर मां लक्ष्मी के चांदी के चरण खरीदने का भी चलन है। धार्मिक मान्यताओं में लक्ष्मी चरणों को घर में देवी के शुभ आगमन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। कई लोग इन्हें अपने पूजा स्थल या घर के प्रवेश द्वार के पास पारंपरिक रीति के अनुसार स्थापित करते हैं।
- धनतेरस पर खरीदें कुबेर यंत्र: भगवान कुबेर को धन और संपत्ति का अधिपति माना जाता है। धनतेरस पर कुबेर यंत्र खरीदने और उसे घर के मंदिर में रखने की भी धार्मिक परंपरा है। कई लोग इसे धन-संपत्ति और आर्थिक स्थिरता की कामना से अपने पूजा स्थल में रखते हैं।
धनतेरस 2026: पूजा में इस्तेमाल होने वाली जरूरी सामग्री की पूरी लिस्ट, पहले से कर लें तैयारी


