अंबिकापुर। सरगुजा जिले के रघुनाथपुर में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना वैध लाइसेंस संचालित लकड़ी मिल पर छापा मारा। वन परिक्षेत्र लुंड्रा के अंतर्गत हुई इस कार्रवाई में पांच लाख रुपये से अधिक कीमत की सागौन और साल की चिरान लकड़ी जब्त की गई। मौके से लकड़ी के अवैध परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा एक पिकअप वाहन भी बरामद हुआ है।
यह कार्रवाई युवा आईएफएस अधिकारी एवं एसडीओ कुणाल मिश्रा के नेतृत्व में की गई। वन विभाग के अनुसार, सुरेश गुप्ता और आकाश गुप्ता द्वारा कथित तौर पर बिना वैध लाइसेंस के लकड़ी मिल संचालित की जा रही थी। आरोप है कि आसपास के जंगलों से कीमती लकड़ियों की कटाई कर अवैध कारोबार किया जा रहा था।
एसडीओ कुणाल मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन नियमों का उल्लंघन कर अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। बताया गया है कि कुणाल मिश्रा के नेतृत्व में लकड़ी तस्करी के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है, ताकि अवैध कटाई और लकड़ी की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।

