बेटी से दुष्कर्म की कोशिश के आरोप में पति की हत्या, पत्नी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने पति की हत्या करने के बाद शव को तालाब किनारे रख दिया था और घटना को छिपाने का प्रयास किया था।

जानकारी के मुताबिक, 4 अगस्त की सुबह ग्राम टोकरो छांटा तालाब के पास चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव मिलने की सूचना तालाब मालिक शैलेन्द्र देवांगन ने पुलिस को दी थी। सूचना पर अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के गले और कान के नीचे चोट के निशान मिले, जिसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या से जोड़ते हुए धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने पति की हत्या करना स्वीकार किया। महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और आए दिन विवाद करता था।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात महिला ने पति को बच्ची के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने साड़ी के पल्लू से उसका गला दबा दिया। इसके बाद शव को घर के बाहर रखकर अंदर चली गई और दरवाजा बाहर से बंद होने जैसा दिखाने का प्रयास किया।

सुबह ग्रामीणों की आवाजाही शुरू होने पर महिला ने अंदर से आवाज लगाई, जिसके बाद ग्रामीणों ने दरवाजा खोला। बाद में घटना की जानकारी सरपंच और कोटवार के माध्यम से पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।