दरभंगा। बिहार की बेटी और भारतीय वायुसेना की स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने प्रतिष्ठित फाइटर कॉम्बैट लीडर (Fighter Combat Leader) कोर्स सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसके साथ ही वह देश की पहली महिला फाइटर पायलट बन गई हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। भावना कंठ ने ग्वालियर स्थित टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (TACDE) में यह एडवांस्ड कोर्स पूरा किया। भारतीय वायुसेना में इसे सबसे कठिन और प्रतिष्ठित कॉम्बैट ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल किया जाता है। इस कोर्स के बाद पायलट जटिल हवाई अभियानों की योजना बनाने और उनका नेतृत्व करने के लिए सक्षम होते हैं।
TACDE को भारतीय वायुसेना का प्रमुख फाइटर टैक्टिक्स संस्थान माना जाता है। यहां पायलटों को एडवांस्ड एयर कॉम्बैट रणनीति, मिशन प्लानिंग, हवा से हवा और हवा से जमीन पर ऑपरेशन के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नेतृत्व की ट्रेनिंग दी जाती है। भावना कंठ इससे पहले भी कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। साल 2021 में वह गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाली देश की पहली महिला फाइटर पायलट बनी थीं। वह भारत की शुरुआती तीन महिला फाइटर पायलटों के बैच का हिस्सा रही हैं, जिसमें अवनी चतुर्वेदी और मोहना सिंह भी शामिल थीं।
साल 2019 में भावना कंठ दिन के समय फाइटर कॉम्बैट मिशन उड़ाने की मंजूरी पाने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। उन्होंने शुरुआत में मिग-21 बाइसन उड़ाया और बाद में सुखोई-30 एमकेआई जैसे आधुनिक लड़ाकू विमान उड़ाए। भावना कंठ बिहार के दरभंगा जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद जून 2016 में भारतीय वायुसेना में कमीशन लिया था। उनकी यह उपलब्धि भारतीय वायुसेना में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का एक नया उदाहरण मानी जा रही है।
