Gen Z को लेकर मोहन भागवत के बयान पर सियासत तेज, प्रियंका गांधी बोलीं- युवाओं को किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं

Follow Us

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत और Gen Z के बीच संवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि युवाओं को किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। प्रियंका गांधी ने कहा कि Gen Z अपनी सोच और क्षमता के दम पर आगे बढ़ रही है। वहीं कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने RSS और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें वास्तव में युवाओं की चिंता है तो उन्हें छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करनी चाहिए। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार का रवैया संवेदनशील नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई और उनकी मांगों को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।

दरअसल, RSS प्रमुख मोहन भागवत ने ‘इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइटेड नेशंस’ कार्यक्रम में Gen Z से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें युवाओं की ईमानदारी और देशभक्ति पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि बिना पूरी जानकारी के किसी भी आंदोलन या घटना पर निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए।मोहन भागवत ने छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प का जिक्र करते हुए कहा कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की बात सुनना और उनसे लगातार संवाद बनाए रखना जरूरी है। RSS प्रमुख ने कहा कि संवाद की कमी कई बार आंदोलनों का कारण बनती है। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार देता है और आंदोलनों का उद्देश्य व्यवस्था में सुधार होना चाहिए, न कि टकराव। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने पारंपरिक तालियों की जगह ‘फिंगर क्लैप’ का इस्तेमाल किया। यह तरीका युवाओं के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोकप्रिय हुआ है।