एक्यूआई 400 पार होने पर सुप्रीम कोर्ट की फटकार दिल्ली की भाजपा सरकार की नाकामी का सबूत- दिल्ली काँग्रेस

Follow Us

नयी दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार पहुंचने से दिल्ली गैस चैंबर में तब्दील हो गयी है, लेकिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार प्रदूषण पर नियंत्रण पाने में नाकाम साबित हुई है तथा शीर्ष अदालत की सख्त टिप्पणियां भी सरकार की विफलता को उजागर करती हैं।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आज यहां राजीव भवन में इंटक कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने प्रदूषण के गंभीर हालात पर दिल्ली सरकार को फटकार लगाते हुए ठोस कदम उठाने की जरूरत बतायी है। उन्होंने कहा कि वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्य और सड़कों की धूल प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं।

यादव ने सरकार से संशोधित शीतकालीन कार्य योजना को कागजों से निकालकर तत्काल जमीन पर लागू करने और बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमारों को प्रदूषण से राहत देने के लिए कठोर कदम उठाने की मांग की।