मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में बाघ की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। मानपुर ब्लॉक के औंधी (नवागांव) उप वन परिक्षेत्र के निडेली गांव में बाघ ने खेत के पास चर रहे एक बैल पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बैल का वन विभाग ने इलाज कराया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास बाघ के पगमार्क मिले, जिससे हमले की पुष्टि हुई। इसके बाद वन अमले ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मृत मवेशी के पास ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं।
गश्त के दौरान वनकर्मियों का भी बाघ से बेहद करीब सामना हुआ। हालांकि सतर्कता बरतते हुए टीम सुरक्षित स्थान पर पहुंच गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक साल में औंधी क्षेत्र में बाघ कई बार नजर आ चुका है और मवेशियों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते दो महीनों में निडेली गांव के आसपास यह तीसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन मंडलाधिकारी दिनेश पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बताया कि मृत मवेशी के मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल के आसपास सतर्क रहने और अकेले नहीं जाने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और बाघ की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
