नई दिल्ली। पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन के बाद चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब अपने अगले अभियान की तैयारी में जुट गई है। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद पार्टी की कोर टीम की बैठक अभिजीत दीपके के घर हुई, जिसमें आगामी रणनीति और जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा की गई। बैठक के बाद अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि इस वर्ष 15 अगस्त को लाल किले से दिए जाने वाले संबोधन में युवाओं और Gen Z से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह बताना चाहिए कि सरकार युवाओं के भविष्य, रोजगार और अवसरों को लेकर क्या योजनाएं बना रही है।
दीपके ने लोगों से भी आग्रह किया कि वे अगले एक सप्ताह तक सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रधानमंत्री से यही मांग करें कि स्वतंत्रता दिवस का संबोधन युवाओं पर केंद्रित हो। उन्होंने हाल के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी की मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बना है। उनके अनुसार, जनता अब अपने मुद्दों को लेकर खुलकर आवाज उठा रही है और आने वाले समय में जनभागीदारी और बढ़ेगी। अभिजीत दीपके ने यह भी घोषणा की कि कॉकरोच जनता पार्टी अगले महीने “क्या बोलती है पब्लिक” नाम से देशव्यापी अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के जरिए पार्टी विभिन्न राज्यों में लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जानने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल में देश के साथ-साथ दक्षिण एशियाई और प्रवासी भारतीय समुदाय से भी जुड़ने की योजना है।
