छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाएं भी चलेंगी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हालांकि 8 अगस्त से वर्षा की तीव्रता और इसके दायरे में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रघुनाथ नगर और मालखरौदा में सर्वाधिक 8 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं सिमगा में 6 सेमी तथा सुहेला, दोरनापाल, जैजैपुर, गिधौरी, टुंड्रा, छाल और देवभोग में 5-5 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा कई अन्य इलाकों में भी मध्यम से अच्छी वर्षा दर्ज की गई।

राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग ने शहर में दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।