300 सीसीटीवी फुटेज खंगाल 10 दिन में ट्रेलर डाला चोरी का खुलासा, 21 लाख की संपत्ति बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़ । रायगढ़ के सीएमओ तिराहा से चोरी हुए ट्रेलर डाला के मामले का कोतवाली पुलिस ने 10 दिन की लगातार जांच के बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया ट्रेलर डाला और इंजन समेत करीब 13 लाख रुपये का मशरूका, वारदात में इस्तेमाल करीब 8 लाख रुपये कीमत की कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। कुल बरामद संपत्ति की कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी कर चोरी की योजना बनाई और 27 जुलाई की रात करीब 2:30 बजे वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए डाला को दूसरे ट्रेलर के इंजन से जोड़कर रायपुर ले जाया गया। पुलिस की नजर से बचने के लिए आरोपियों ने मुख्य मार्ग और टोल नाकों से दूरी बनाते हुए कच्चे और बाईपास रास्तों का इस्तेमाल किया। चोरी के डाला के आगे एक कार पायलेटिंग करते हुए चल रही थी।

० 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज बने अहम सुराग
मामले में ट्रांसपोर्ट नगर निवासी धीरज कुमार नवीन की शिकायत पर 2 अगस्त को कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 415/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने टीम गठित कर जांच शुरू कराई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। रात के अंधेरे में चोरी के वाहन की स्पष्ट पहचान मुश्किल थी, लेकिन फुटेज को जोड़ते-जोड़ते पुलिस को एक अहम सुराग मिला। चोरी का डाला ट्रेलर के इंजन से जोड़कर ले जाते दिखाई दिया। इसके आगे नीले रंग की कार पायलेटिंग करती नजर आई।

० रायगढ़ से रायपुर और फिर बिलासपुर तक पहुंची जांच
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों वाहनों के रूट को ट्रेस किया। जांच में सामने आया कि आरोपी टोल और मुख्य मार्गों से बचते हुए बाईपास व कच्चे रास्तों से रायपुर पहुंचे थे। वाहन को रायपुर के कबीरनगर क्षेत्र तक ट्रेस करने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी रिकॉर्ड के जरिए ट्रेलर मालिक की जानकारी जुटाई। सीसीटीवी रिकॉर्ड में ट्रेलर मालिक जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल का नाम सामने आया। पूछताछ में उसने अपने साथी पवनदीप सिंह और संदीप कुमार खत्री के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

Read more :- स्वतंत्रता दिवस से पहले रायपुर पुलिस की सख्ती, पश्चिम जोन में 140 आबकारी मामले दर्ज

० 4.30 लाख में बेच दिया था चोरी का डाला
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए डाला को रायपुर निवासी हरचरण सिंह सरदार को 4 लाख 30 हजार रुपये में बेच दिया गया था। उसके कहने पर चोरी का डाला इंजन सहित बिलासपुर जिले के ग्राम बेलतरा में रखा गया था। पुलिस ने वहां दबिश देकर चोरी गया डाला और इंजन बरामद कर लिया। वारदात में पायलेटिंग के लिए इस्तेमाल की गई ष्टत्र 13 क्च्र 7639 नंबर की नीले रंग की कार, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है, भी जब्त की गई है। इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

० तीनों आरोपी गिरफ्तार, खरीदार फरार
पुलिस ने मामले में जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल, पवनदीप सिंह और संदीप कुमार खत्री को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी ड्रायवरी के पेशे से जुड़े हैं और उन्हें वाहनों व रास्तों की जानकारी थी। इनमें संदीप कुमार खत्री करीब दो महीने पहले मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जमानत पर बाहर आया था। चोरी का डाला खरीदने वाला हरचरण सिंह सरदार फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

० टीमवर्क से मिली सफलता
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस की 10 दिनों की लगातार मेहनत निर्णायक साबित हुई। करीब 300 सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पायलेटिंग कर रही कार को अहम सुराग बनाकर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने चोरी गया करीब 13 लाख रुपये का डाला-इंजन बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल 8 लाख रुपये की कार भी जब्त की है।

Read more :- बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की अपील, समाज के वार्षिक अधिवेशन, बैठकों और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान सदस्यों को सुरक्षा एवं सतर्कता के प्रति जागरूक