बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की अपील, समाज के वार्षिक अधिवेशन, बैठकों और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान सदस्यों को सुरक्षा एवं सतर्कता के प्रति जागरूक

Follow Us

बलौदाबाजार-भाटापारा,। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिले के सभी समाज प्रमुखों, अध्यक्षों, पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों से अपील की है कि वे अपने समाज के वार्षिक अधिवेशन, बैठकों और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान सदस्यों को सुरक्षा एवं सतर्कता के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने आम नागरिकों से अपने आसपास आने वाले अजनबी और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की है।

पुलिस ने विशेष रूप से अज्ञात फेरीवालों से सतर्क रहने की सलाह दी है। गांव या मोहल्ले में आने वाले नए अथवा अनजान फेरीवालों के बारे में जानकारी रखने और उनका वैध पहचान पत्र अवश्य देखने कहा गया है। इसी तरह बिना सत्यापन के जड़ी-बूटी या अन्य सामान बेचने वाले अजनबियों को घर में प्रवेश नहीं देने की अपील की गई है। पुलिस के मुताबिक यदि आसपास कोई अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई देता है या किसी स्थान पर संदिग्ध रूप से रुकता अथवा घूमता नजर आता है, तो नागरिकों को तत्काल सतर्क होकर पुलिस को सूचना देनी चाहिए। पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों और अवैध प्रवास से जुड़ी किसी भी जानकारी को तत्काल पुलिस प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।

० संदिग्ध गतिविधि दिखे तो करें सूचना
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना देरी पुलिस को सूचित करें। इसके लिए पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 1800 233 1905 जारी किया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने कहा कि समाज प्रमुख अपने स्तर पर लोगों को जागरूक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सामूहिक सतर्कता और समय पर सूचना से संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सकती है।