स्वतंत्रता दिवस से पहले रायपुर पुलिस की सख्ती, पश्चिम जोन में 140 आबकारी मामले दर्ज

Follow Us

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस और आगामी त्योहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने पश्चिम जोन में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया। 12 अगस्त को चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने बदमाशों, निगरानी बदमाशों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की सघन जांच की। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कुल 140 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा 17 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और 3 गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की गई। पुलिस ने अड्डेबाजी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ाई।

पश्चिम जोन के पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, कबीर नगर, सरस्वती नगर, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन और टिकरापारा थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। टिकरापारा में सबसे अधिक 30 आबकारी प्रकरण, पुरानी बस्ती में 26 और डीडी नगर में 25 प्रकरण दर्ज किए गए।

प्रतिष्ठानों को समाधान ऐप से जोड़ा

अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस ने होटल और अन्य प्रतिष्ठानों को समाधान ऐप से जोड़ने का अभियान भी चलाया। इस दौरान होटल एलीफेंट, श्री अप्पाजी होटल, हैप्पी हांवर और होटल कॉमिक रेस्टोरेंट सहित अन्य प्रतिष्ठानों में ऐप डाउनलोड कराया गया। संचालकों को ऐप के इस्तेमाल और सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और आगामी त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों, अड्डेबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।