करकेली-बेदरे मार्ग पर कच्ची पगडंडी के किनारे लगाया गया था प्रेशर आईईडी, बीडीएस और बेदरे थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
बीजापुर। जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए करीब 5 किलोग्राम वजन का टिफिन प्रेशर आईईडी बरामद कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। यह विस्फोटक करकेली से बेदरे जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे स्थित कच्ची पगडंडी में लगाया गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, माओवादियों ने पूर्व में इस मार्ग पर टिफिन बम लगाया था। इसकी जानकारी मिलने पर बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और थाना बेदरे के जवान मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए डीमाइनिंग कार्रवाई की और विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
जांच में सामने आया कि करीब 5 किलोग्राम वजनी यह आईईडी प्रेशर स्विच सिस्टम से लगाया गया था। समय रहते विस्फोटक बरामद होने और उसे निष्क्रिय किए जाने से मार्ग पर संभावित खतरे को टाल दिया गया।
