रायपुर। कांग्रेस सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत 16 नवंबर से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जशपुर, पत्थलगांव, मैनपाट, सरगुजा और बलरामपुर जिलों का दौरा करेंगे। दौरे के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तरीय जन चौपाल, कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक और स्थानीय ग्रामीणों एवं जनहितधारकों से संवाद करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर को सुखदेव भगत लोहरदगा से रवाना होकर सुबह 11 बजे शंख नदी स्थित छत्तीसगढ़ सीमा पर पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे जशपुर के अघोरेश्वर सोगड़ा आश्रम पहुंचेंगे। दोपहर में जशपुर विधानसभा क्षेत्र के बालाछापर और कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के पत्थराटोली में आयोजित बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होंगे। इसके बाद कुनकुरी में भोजन और कैथोलिक चर्च में बिशप से सौजन्य भेंट करेंगे। शाम को हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन के बाद कांसाबेल में पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र की जन चौपाल में शामिल होंगे। पत्थलगांव में वे जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष स्वर्गीय हरगोविंद अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मैनपाट के कमलेश्वरपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
ग्राम कुर्री में जुआ खेलते 05 जुआड़ी गिरफ्तार, मौके से कुछ व्यक्ति फरार
17 नवंबर को मैनपाट से उदयपुर (सरगुजा) पहुंचकर अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र की जन चौपाल में शामिल होंगे। इसके बाद ग्राम साल्ही में पीईकेबी, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों एवं संबंधित हितधारकों के साथ बैठक करेंगे। शाम को प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांतारोली (मेंड्रा) में जन चौपाल में भाग लेने के बाद अंबिकापुर पहुंचेंगे।
दौरे के अंतिम दिन 18 नवंबर को सुखदेव भगत अंबिकापुर स्थित राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी। दोपहर बाद वे बलरामपुर जिले के राजपुर पहुंचकर रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र की बूथ स्तरीय जन चौपाल में हिस्सा लेंगे। इसके बाद लोहरदगा के लिए रवाना होंगे। तीन दिवसीय इस दौरे में सुखदेव भगत का फोकस संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद और स्थानीय जनसमस्याओं को सुनने पर रहेगा।
