- “हर घर तिरंगा” और “तिरंगा यात्रा” बनेगी राष्ट्र निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता का भव्य माध्यम: अरुण साव
रायपुर । प्रदेश में इस 15 अगस्त को देशभक्ति की नई लहर देखने को मिलेगी। भाजपा के “हर घर तिरंगा” और “तिरंगा यात्रा” अभियान को राष्ट्र निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भव्य माध्यम बताते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय एकात्मक परिसर में अभियान की रूपरेखा साझा की। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने घोषणा की कि बस्तर संभाग में 500 से अधिक स्कूल, चौराहे और सामुदायिक भवनों का नामकरण शहीदों के नाम पर किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान
दोनों नेताओं ने बताया कि इस बार बस्तर के उन दुर्गम गांवों में भी तिरंगा लहराया जाएगा जहां आजादी के बाद से कभी राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहरा था। 10 अगस्त को राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव से तिरंगा यात्रा की ऐतिहासिक शुरुआत होगी।
10 अगस्त को मरीन ड्राइव से ऐतिहासिक शुरुआत
उपमुख्यमंत्री साव ने बताया कि 10 अगस्त को सुबह 10 बजे राजधानी के मरीन ड्राइव से तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ होगा। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाएं और धर्माचार्य शामिल होंगे। यात्रा को भव्य बनाने के लिए लोग पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य यंत्रों और घोड़ों के साथ भाग लेंगे। उन्होंने नागरिकों से “डिजिटल तिरंगा” अभियान से जुड़कर घर-दुकान-संस्थान पर तिरंगा लहराने और फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की अपील की।
बस्तर के ‘कुख्यात’ क्षेत्र बनेंगे ‘विख्यात’: विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 2024 से 2026 तक 5 राष्ट्रीय पर्वों पर बस्तर के उन गांवों में तिरंगा फहराया गया जहां पहले कभी नहीं फहराया था। इस वर्ष बीजापुर के 33, सुकमा के 50 और नारायणपुर के 9 गांवों में पहली बार 15 अगस्त को तिरंगा लहराएगा। उन्होंने कहा कि पूवर्ती, सिलगेर, दरभा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को तिरंगा यात्रा से जोड़ा जाएगा। भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता पूरे बस्तर में भव्य बाइक रैली निकालेंगे। शर्मा ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक नक्सल उन्मूलन में शहीद हुए जवानों के घर जाकर तिरंगा भेंट कर परिजनों को सम्मानित किया जा रहा है। 15 अगस्त को बस्तर संभाग में 500 से अधिक स्थानों – स्कूल, चौराहे और सामुदायिक भवनों का नामकरण देश-प्रदेश के अमर शहीदों के नाम पर किया जाएगा।
