यूक्रेन युद्ध के बीच PM मोदी ने जेलेंस्की से की फोन पर बात, शांति के लिए भारत ने फिर बढ़ाया हाथ

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत कर दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष और ताजा हालात पर चर्चा की। इस दौरान जेलेंस्की ने युद्ध से जुड़े घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष रखा। वहीं, पीएम मोदी ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि भारत इस संकट का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से निकालने का पक्षधर है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत शुरू से ही यूक्रेन संघर्ष के मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाता रहा है। भारत का मानना है कि किसी भी विवाद का स्थायी समाधान युद्ध के बजाय बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि शांति स्थापित करने की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों में भारत हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।

दोनों नेताओं ने बातचीत के दौरान द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया। व्यापार, सहयोग और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को नई दिशा देने और जनता के हित में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस बातचीत को भारत और यूक्रेन के बीच कूटनीतिक संवाद मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।