44 छात्राओं से शुरू हुआ सफर, आज 1000 विद्यार्थियों तक पहुंचा श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय

Follow Us

कोरबा। श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा का 27वां स्थापना दिवस समारोह 20 अगस्त 2026 को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में महाविद्यालय की 27 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर चर्चा हुई। संस्था की शुरुआत 20 अगस्त 1999 को महज 44 विद्यार्थियों और चार कमरों से हुई थी, जबकि आज यहां करीब 1000 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और परिसर में लगभग 70 सुविधायुक्त कमरे हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने छात्राओं को शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा समाज और देश के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। छात्राओं को बदलते समय के साथ नई तकनीक और ज्ञान अपनाने की सलाह भी दी।


Read more :- दुःख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है राज्य सरकार : मुख्यमंत्री साय


विशिष्ट अतिथि एवं महाविद्यालय शिक्षण समिति के प्रथम अध्यक्ष डॉ. छेदीलाल अग्रवाल ने संस्था के शुरुआती दिनों को याद करते हुए 44 विद्यार्थियों और चार कमरों से शुरू हुई यात्रा के करीब 1000 विद्यार्थियों तक पहुंचने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने महाविद्यालय के विकास में प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल छात्राओं को डिग्री देना नहीं, बल्कि उनमें ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। वहीं महाविद्यालय शिक्षण समिति के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने संस्था को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।


Read more :- सौर सुजला योजना से खेतों में पहुंची सूरज की रोशनी, किसानों की सिंचाई को मिली नई ताकत


समारोह की शुरुआत मां सरस्वती और महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। छात्राओं ने स्वागत गीत और छत्तीसगढ़ राज्य गीत की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर विभिन्न संकायों की प्रवीण्य सूची में स्थान हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।