राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित अंडर-19 पुरुष वर्ग की एकदिवसीय अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव और प्लेट कंबाइंड छत्तीसगढ़ के बीच सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार को यहां शहर के दिग्विजय स्टेडियम में खेला जाएगा। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने बुधवार रात बताया कि राजनांदगांव की टीम ने लीग चरण के चार मुकाबलों में से तीन में जीत हासिल कर 12 अंकों के साथ सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित की है। टीम ने अपने अंतिम लीग मैच में रायपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन ब्लू को चार विकेट से पराजित किया।
उन्होंने बताया कि एनसीजी कांकेर के मैदान में खेले गए मुकाबले में रायपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रायपुर के सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि, इसके बाद राजनांदगांव के गेंदबाजों ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए रायपुर की पूरी टीम को 119 रनों पर समेट दिया। यह प्रतियोगिता में रायपुर का न्यूनतम स्कोर रहा। राजनांदगांव की ओर से ऑफ स्पिनर नीतीश यादव ने 10 ओवर में मात्र 26 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। वहीं, सारांश सिन्हा ने केवल तीन ओवर में तीन रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि सौरभ गौतम ने 21 रन देकर तीन विकेट लिए।
जयंती पर खरगे, सोनिया ने शक्ति स्थल जाकर दी इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि
जीत के लिए मिले 120 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजनांदगांव ने छह विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में श्लोक चचाने ने नाबाद 52 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि लकी प्रजापति ने 20 रनों का योगदान दिया। इस जीत के साथ राजनांदगांव ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
लोहिया ने बताया कि राजनांदगांव और प्लेट कंबाइंड छत्तीसगढ़ के बीच शुक्रवार को होने वाला सेमीफाइनल मुकाबला 50-50 ओवरों का होगा। राजनांदगांव टीम के कोच हिमांशु झा और मैनेजर विवेक तिवारी हैं।
