सर्दियों का मौसम शुरू होते ही लोग अलमारी से स्वेटर, कार्डिगन और गर्म कपड़े निकालने लगते हैं। लेकिन कई बार कुछ दिन पहनने के बाद ही ऊनी स्वेटर पर छोटे-छोटे रोएं और गोलियां बनने लगती हैं। इससे पसंदीदा स्वेटर पुराना और खराब दिखने लगता है। कपड़ों पर बनने वाली इन गोलियों को पिलिंग (Pilling) कहा जाता है। हालांकि, कुछ आसान घरेलू तरीकों और सही देखभाल से इन्हें हटाया जा सकता है। आइए जानते हैं स्वेटर पर गोलियां बनने की वजह और इन्हें साफ करने के आसान उपाय।
ऊनी स्वेटर पर क्यों बनने लगती हैं गोलियां?
स्वेटर के रेशों में लगातार घर्षण होने के कारण छोटे रेशे बाहर निकलकर आपस में उलझ जाते हैं। धीरे-धीरे ये रेशे छोटी-छोटी गोलियों का रूप ले लेते हैं। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।
बार-बार रगड़ लगना- बगल, कोहनी, बाजू और कमर जैसे हिस्सों पर घर्षण ज्यादा होता है। बैग की पट्टियों और दूसरे कपड़ों से रगड़ लगने पर भी गोलियां बनने लगती हैं।
कपड़े की बनावट- कुछ ऊनी कपड़ों में छोटे और ढीले रेशे अधिक होते हैं, जिनमें पिलिंग जल्दी दिखाई देती है। प्राकृतिक और सिंथेटिक दोनों तरह के रेशों में ऐसा हो सकता है।
गलत तरीके से धुलाई- स्वेटर को सामान्य कपड़ों के साथ धोना, तेज गति से मशीन चलाना और अधिक रगड़ना भी इसकी वजह बन सकता है।
लगातार पहनना- एक ही स्वेटर को बार-बार पहनने और सही तरीके से स्टोर नहीं करने से रेशों में घर्षण बढ़ता है।
स्वेटर पर बनी गोलियां हटाने के 5 आसान तरीके
अगर आपके पसंदीदा स्वेटर पर भी छोटी-छोटी गोलियां बन गई हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। इन आसान तरीकों से आप उन्हें हटा सकते हैं।
1. फैब्रिक शेवर का करें इस्तेमाल
स्वेटर पर बनी गोलियों को हटाने के लिए फैब्रिक शेवर काफी उपयोगी होता है। यह खासतौर पर कपड़ों की सतह से पिलिंग हटाने के लिए बनाया जाता है। स्वेटर को समतल जगह पर फैलाकर शेवर को हल्के हाथों से चलाएं। ज्यादा दबाव डालने से बचें, ताकि कपड़े को नुकसान न पहुंचे।
2. लिंट रिमूवर रोलर आएगा काम
स्वेटर पर चिपके छोटे रोएं और ढीले रेशे हटाने के लिए लिंट रिमूवर रोलर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे कपड़े पर हल्के हाथों से घुमाएं। हालांकि, यह मजबूती से चिपकी हुई बड़ी गोलियों को हटाने में उतना प्रभावी नहीं होता।
3. छोटी कैंची से हटाएं गोलियां
अगर स्वेटर पर कुछ ही जगह गोलियां बनी हैं, तो छोटी कैंची की मदद से उन्हें सावधानीपूर्वक काट सकते हैं। कैंची को कपड़े की सतह के समानांतर रखें और ध्यान दें कि स्वेटर का असली धागा न कटे।
4. स्वेटर कंघी का करें इस्तेमाल
ऊनी कपड़ों की सफाई के लिए बाजार में विशेष स्वेटर कंघी मिलती है। इसकी मदद से कपड़े पर बनी गोलियों को धीरे-धीरे हटाया जा सकता है। कंघी को एक ही दिशा में हल्के हाथों से चलाएं। पहले स्वेटर के किसी छिपे हुए हिस्से पर इसका इस्तेमाल करके देख लें।
5. हाथों से खींचकर न निकालें
स्वेटर पर बनी गोलियों को उंगलियों से खींचकर निकालना एक आम गलती है। ऐसा करने से कपड़े के दूसरे रेशे भी बाहर निकल सकते हैं और पिलिंग बढ़ सकती है। इसलिए गोलियों को खींचने के बजाय कैंची या सही टूल का इस्तेमाल करें।
स्वेटर को गोलियों से बचाने के लिए अपनाएं ये 5 टिप्स
1. स्वेटर की सही देखभाल करके पिलिंग की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
2. स्वेटर धोने से पहले उसके केयर लेबल पर दिए गए निर्देश जरूर पढ़ें। जरूरत के अनुसार हाथ से या वूल-सेफ वॉश प्रोग्राम पर धोएं।
3. धुलाई से पहले स्वेटर को उल्टा कर लें, ताकि उसकी बाहरी सतह पर घर्षण कम हो।
4. ऊनी कपड़ों के लिए माइल्ड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें। स्वेटर को जोर से रगड़ने या निचोड़ने से बचें।
5. धोने के बाद स्वेटर को तार पर टांगने के बजाय साफ तौलिए पर फैलाकर समतल स्थिति में सुखाएं।
6. स्वेटर को अलमारी में मोड़कर रखें और ऐसी चीजों से दूर रखें, जिनसे बार-बार रगड़ लग सकती है।
इन आसान उपायों को अपनाकर आप अपने पसंदीदा ऊनी स्वेटर की चमक और खूबसूरती लंबे समय तक बनाए रख सकते हैं। सही धुलाई और देखभाल से सर्दियों में आपके कपड़े नए जैसे नजर आएंगे।
