कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 82वीं जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई। प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम परिसर, टी.पी. नगर में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राजीव गांधी के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका सपना पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करना और गांवों के लोगों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना था। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी चाहते थे कि ग्राम पंचायतों को स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने का अधिक अधिकार मिले।
सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि राजीव गांधी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की थी। उन्होंने महिलाओं को सत्ता और निर्णय प्रक्रिया में अधिक प्रतिनिधित्व देने की सोच को आगे बढ़ाया, जिसके परिणाम आज दिखाई दे रहे हैं। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने में राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने देशभर का दौरा कर विभिन्न वर्गों से संवाद किया और विकास योजनाओं को नई दिशा देने का प्रयास किया। उन्होंने राजीव गांधी के कोरबा जिले के ग्राम रंजना आगमन को भी याद किया।
पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व और उनकी उत्कृष्टता की सोच को याद करते हुए कहा कि छात्र जीवन से लेकर पायलट और फिर राजनीति तक उन्होंने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। कांग्रेस नेताओं ने उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, प्रदेश सचिव विकास सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
